
सुशांत सिंह राजपूत की मौत की मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चहुंओर से सीबीआई से जांच की मांग उठने लगी है। भोजपुरी एक्टर व सिंगर मनाेज तिवारी के बाद अब भोजपुरी फिल्माें के सुपर स्टार पवन सिंह ने सुशांत की मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। सोमवार को वे सुशांत सिंह राजपूत के पटना स्थित आवास पर पहुंचे और उनके पिता केके सिंह व स्वजन से मिले। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इनके अलावा भाेजपुरी स्टार राकेश मिश्रा भी उनके आवास पर पहुंचे। राकेश मिश्रा ने भी सीबीआई से जांच कराने की मांग की। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अब बॉलीवुड से डर लगने लगा है।
अभिनेता पवन सिंह आज पटना के राजीव नगर स्थित दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आवास पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। भोजपुरी एक्टर व सिंगर मनोज तिवारी की तरह पवन सिंह ने भी सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सत्य कभी परास्त नहीं होता और न ही छिपता है। उन्होंने कहा कि अभी धैर्य रखने का वक्त है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच करायी जाए, ताकि सबकुछ साफ हो जाए। उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि भाई सुशांत को जरूर न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सुशांत बिहार का लाल थे, जिनके अभिनय के सभी कायल हैं। आज भी हमें विश्वास नहीं हो रहा है कि ऐसा कुछ हो गया। सुशांत रियल हीरो थे। उनके इस तरह जाने से हमें गहरा दुख पहुंचा। वे इंसान भी बेहद अच्छे थे। विज्ञान से प्रेम था। काम के प्रति प्रतिबद्धता थी, जिसने उन्हें एक बड़ा कलाकार बना दिया। यही वजह है कि दुनिया भर में उनके चाहने वाले निराश हैं और सभी सुशांत के लिए न्याय चाहते हैं। हम भी चाहते हैं कि सुशांत की शहादत जाया न हो और ऐसे लोगों को सबक मिले, जिसकी वजह से यह हुआ।
दूसरी ओर भोजपुरी अभिनेता राकेश मिश्रा भी सुशांत सिंह राजपूत के घर गए और दिवंगत अभिनेता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किये। उन्होंने कहा कि न जाने किस की नजर लग गई सुशांत भैया को। वे एक्टिंग की दुनिया के आइकॉन थे। उनसे मैं भी इंस्पायर्ड होता था, इसलिए मैं चाहता हूं कि उन्हें इंसाफ मिले। इस मामले में जांच सीबीआई से हो। यह बिहार का हर बच्चा और दुनिया भर में उन्हें चाहने वाले तमाम लोगों की मांग है।
राकेश मिश्रा ने कहा कि मैं भी कलाकार हूं। बिहार की माटी से हूं। सुशांत भैया की घटना ने हम कलाकारों को डरा दिया है। अब बॉलीवुड से डर लगने लगा है। मुझे भी डिजिटल माध्यम से इस घटना की जानकारी हुई। आज लगता है कि मैंने अपना भाई खोया है। मैं चुप नहीं बैठने वाला। उन्हें इंसाफ मिलने तक आवाज उठाता रहूंगा। दुनिया में कोई काम बिहारियों के बिना संभव नहीं है, फिर भी कुछ लोग अपनी गलती छुपाने के लिए हम बिहारियों पर दोष मढ़ते हैं। यह सही नहीं है। हम इसका विरोध करते हैं और चाहते हैं कि उन्हें न्याय मिले।
Source – Jagran