आप भी बॉलीवुड के जबरा फैन हैं…कोई भी फिल्म मिस नहीं होने देते…बॉलीवुड के हर एक्टर पर आपकी निगाहें टिकी रहती हैं। तो यकीन मानिए अभी भी आपके पास बॉलीवुड की पूरी जानकारी नहीं है। हमारे पास बॉलीवुड और उनसे जुड़े एक्टर्स के बारे में ऐसे तथ्य हैं जिनसे अब तक शायद आप अनजान होंगे। आइए आपको बताते हैं…
क्या आप जानते हैं देवानंद साहब अपनी फिल्मों के टाइटल न्यूज पेपर की हेडलाइंस से लिया करते थे। वो ऐसा इसलिए करते थे ताकि लोग फिल्म से जुड़ाव महसूस कर पाएं।
100 करोड़ और 200 करोड़ के आंकड़े से बॉलीवुड की पहचान कराने वाले एक्टर का नाम है आमिर खान। आमिर खान की ‘गजनी’ बॉलीवुड की पहली फिल्म थी, जिसने 100 करोड़ का बिजनेस और ‘3 इडियट्स’ 200 करोड़ कमाने वाली पहली फिल्म थी।
‘दो आंखें बारह हाथ’ पहली ऐसी फिल्म थी जिसे गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिला था। शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन को एक्टिंग सीखने के लिए यही फिल्म देखने को कहा था। इस फिल्म को राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक सम्मान दिया गया था। साथ ही इसने बर्लिन फिल्म महोत्सव में सिल्वर बियर सहित कई विदेशी पुरस्कार जीता।
ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कहो न प्यार है’ अब तक की सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने वाली है। बॉलीवुड में अभी तक ऐसी फिल्म नहीं बनी, जिसे एक साथ 102 अवॉर्ड मिले हों। यह फिल्म 14 जनवरी, 2000 को रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने दर्शकों के बीच खूब धमाल मचाया था।
रेखा आज भी उतनी ही खूबसूरत हैं जितनी पहले थीं लेकिन क्या आप जानते हैं रेखा जब भी किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में जाती हैं तो सिर्फ डार्क रेड और चॉकलेटी कलर की लिपस्टिक ही लगाती हैं।
साल 1976 में ‘मंथन’ फिल्म रिलीज हुई थी। इसके निर्देशक श्याम बेनेगल थे। इसमें लीड रोल स्मिता पाटिल, नसीरुद्दीन शाह, गिरीश कर्नाड और अमरीश पुरी ने प्ले किया था। लेकिन क्या आप जानते हैं इस फिल्म के लिए किसानों ने दो-दो रुपये इकट्ठा किए थे। इन रुपयों से फिल्म ‘मंथन’ का निर्माण किया। ये एक ऐसी फिल्म थी जिसमें सबसे ज्यादा लोगों ने पैसा लगाया था।
‘मेरा नाम जोकर’ भारत में बनी सबसे बड़ी फिल्म है। ‘मेरा नाम जोकर’ साल 1970 में रिलीज हुई थी। तब यह फिल्म एक बड़ी फ्लॉप साबित हुई थी और इस फिल्म के पिट जाने के बाद राज कपूर कर्जे में डूब गए थे लेकिन, बदलते समय के साथ-साथ यह फ़िल्म लोगों को पसंद आने लगी और आज कहीं न कहीं हिंदी सिनेमा की एक बेहतरीन फिल्मों में यह फिल्म गिनी जाती है। इस फिल्म को बनाने में राज कपूर को 6 साल लगे थे। लगभग सवा चार घंटे की फिल्म का संगीत हिट रहा था।